ट्रंप की चीन यात्रा: अमेरिका ने कहा सफल, मगर चीन रहा खामोश

बीजिंग. चीन में दो दिनों तक चली अहम शिखर वार्ता के बाद अम्रीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप शुक्रवार दोपहर चीन से रवाना हो गए। हालांकि, इस यात्रा के दौरान कई विवादित मुद्दों पर कोई बड़ा ठोस समझौता सामने नहीं आया। वहीं ट्रंप ने दावा किया कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के दौरान शानदार व्यापारिक समझौते हुए। उन्होंने दावा किया कि चीन अमरीकी विमान और कृषि उत्पाद खरीदने पर सहमत हुआ है। हालांकि, चीन ने इस पर कोई बयान नहीं दिया।
दोनों नेताओं ने ईरान, ताइवान, व्यापार, ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ईरान संघर्ष खत्म कराने में मदद की पेशकश की और आश्वासन दिया कि चीन ईरान को सैन्य उपकरण उपलब्ध नहीं कराएगा। दोनों नेताओं की सोच काफी मिलती-जुलती है।
सितंबर में अमरीका जा सकते हैं जिनपिंग
ट्रंप ने यह भी कहा कि शी जिनपिंग सितंबर में अमरीका की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, चीन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। विश्लेषकों का कहना है कि भले ही समझौते सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हों, लेकिन दोनों देशों के बीच सकारात्मक माहौल वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
