कोरबा की प्रथम महापौर सुश्री श्याम कंवर का निधन, रविवार को गृहग्राम भैसमा में अंतिम यात्रा

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और नगर पालिका निगम कोरबा की प्रथम महापौर सुश्री श्याम कंवर का शनिवार 10 अक्टूबर को दुःखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कोरबा नगर सहित अंचल में शोक की लहर दौड़ गयी।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सुश्री श्याम कंवर पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थी और उनका अपोलो बिलासपुर में उपचार चल रहा था। शनिवार की शाम 4 बजे उन्होंने अपोलो में अंतिम सांस ली।

सुश्री श्याम कंवर का परिवार जनसंघ और फिर भाजपा से जुड़कर राजनीति में सक्रिय रहा। पेशे से अधिवक्ता सुश्री श्याम कंवर जहां जिला अधिवक्ता संघ कोरबा की वरिष्ठ सदस्य थी, वहीं विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कोरबा के विघटन के बाद गठित नगर पालिक निगम कोरबा की प्रथम महापौर निर्वाचित भी थीं।

उन्होंने एक कुशल अधिवक्ता के रूप में ख्याति अर्जित करने के साथ ही कोरबा नगर निगम के प्रथम महापौर के रूप में शहर के विकास की मजबूत नींव रखी।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह 10:00 बजे, उनके गृह ग्राम – भैसमा में संपन्न होगा।

Spread the word