कोरबा हाईवे पर दर्दनाक हादसाः तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, 2 युवकों की मौत

कोरबा- बिलासपुर 08 मई। कोरबा नेशनल हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रतनपुर थाना क्षेत्र के गहलोत ढाबा के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी, जिससे दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, तामेश्वर, जोगेश पटेल और दुर्गेश पटेल तीनों दोस्त बाइक से बिलासपुर से हरदी बाजार की ओर जा रहे थे। देर रात जब उनकी बाइक रतनपुर क्षेत्र स्थित गहलोत ढाबा के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। घटना के तुरंत बाद गहलोत ढाबा के संचालक और कर्मचारियों ने मानवता दिखाते हुए डायल 112 और रतनपुर पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायलों की मदद में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान जोगेश पटेल ने दम तोड़ दिया, जबकि तामेश्वर की भी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं तीसरे युवक दुर्गेश पटेल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। दोस्तों के साथ सफर पर निकले युवकों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
