केएन कॉलेज के छात्रों को किया वोटर लिस्ट के प्रति जागरूक

कोरबा, 6 नवम्बर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी स्वीप कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के शिक्षा संकाय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय शुद्ध मतदाता सूची एवं मतदान का महत्व रखा गया था, जिसमें भावी शिक्षकों और युवाओं ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विशेष रूप से परीक्षा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में उनकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षा संकाय की सहायक प्राध्यापक डॉ. रश्मि शुक्ला की देखरेख में आयोजित इस स्पर्धा में छात्र-छात्राओं ने अपनी लेखनी के माध्यम से लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत को समझाया। प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा मूल्यांकन के पश्चात आगामी दिनों में की जाएगी और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा मतदाताओं, विशेषकर पहली बार वोट देने वाले छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोडना है। स्वीप योजना के अंतर्गत कॉलेज में लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षा संकाय के सहायक प्राध्यापक नितेश यादव एवं शंकर यादव ने योगदान दिया।
