अशासकीय विद्यालय संघ दीपका द्वारा तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

कोरबा, 6 नवम्बर। अशासकीय विद्यालय संघ दीपका द्वारा 2 नवंबर से 4 नवंबर तक श्रमवीर स्टेडियम, प्रगति नगर दीपका में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आशासकीय विद्यालय संघ कोरबा के अध्यक्ष अक्षय दुबे एवं दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, विशिष्ट अतिथि भवदीप दुबे, अजय सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम में टीम चरक के सदस्य एवं समस्त विद्यालय के संचालक, प्राचार्य वा शिक्षकगण छात्र-छात्रा, परिजन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। खेलों से बच्चों में शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में क्षेत्र के सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल झाबर, राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल झाबर, कलचुरी पब्लिक स्कूल झाबर, सर्वमंगला विद्यालय झाबर, ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल दीपका, आर.एन. इंग्लिश स्कूल दीपका एवं सरस्वती ज्ञान मंदिर दीपका सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वहीं आयोजन को सफल बनाने में रामकृष्ण स्कूल दीपका, ज्ञान विज्ञान स्कूल दीपका एवं एस.जी.एम. स्कूल दीपका का भी विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के दौरान खो-खो, कबड्डी, रिले रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, शॉट पुट, पेयर रेस सहित प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रोचक खेल शामिल रहे। तीन दिनों तक श्रमवीर स्टेडियम में खेलों का उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Spread the word