रजगामार लौट रही युवती से की अश्लील हरकत, आरोपी युवक जेल दाखिल, देखें वीडियो

कोरबा 16 जून। गत 11 जून को रजगामार चौकी क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वाले एक मनचले युवक के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई तब की गई जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
घटना 11 जून 2025 की है, जब पीड़िता स्कूटी से अकेले कोरबा से अपने घर रजगामार लौट रही थी। डुमरडीह पुल के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने स्कूटी को ओवरटेक कर सामने रोक लिया और महिला के साथ अश्लील इशारे एवं टीका-टिप्पणी करने लगा। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। पीड़िता ने 14 जून को अपने परिजनों के साथ चौकी रजगामार में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। वायरल वीडियो और वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान राजकुमार राठिया (24 वर्ष), निवासी घोटमार, थाना करतला, जिला कोरबा के रूप में की।
राजगामार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भारतीय न्यायदंड संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 78(2), 79 के तहत अपराध दर्ज किया। साथ ही मोटरसाइकिल (सीजी 12 एएल 1770) के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 183(1) और 196(2) के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त किया गया। देखें वीडियो
