गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने किया निरीक्षण

सेफ्टी और मानसून तैयारियों पर दिया जोर
कोरबा 16 जून। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने रविवार को गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय एवं संविदा पैचों का निरीक्षण कर कोयला उत्पादन की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान श्री दुहन ने सुरक्षा (सेफ्टी) को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाना जरूरी है, लेकिन सुरक्षा के मानकों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी सेफ्टी उपायों को जमीन पर लागू करने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही श्री दुहन ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए की जा रही तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि बारिश के मौसम में कार्य प्रभावित न हो और सभी आवश्यक उपकरण, जल निकासी व्यवस्था तथा संसाधन पहले से तैयार हों।
निरीक्षण के दौरान एसईसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी श्री दुहन के साथ मौजूद रहे। उन्होंने गेवरा मेगा प्रोजेक्ट के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और वहां के अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
