जम्मू-कश्मीर में रेलवे इतिहास का नया अध्याय : प्रधानमंत्री मोदी दिखाएंगे ट्रेन को हरी झंडी, करेंगे दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का 06 जून को उद्घाटन

डोगरा शासक की लगभग 130 साल पहले बनाई गई योजना आखिरकार साकार हो ही गई है..
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को जम्मू-कश्मीर के कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर वे दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब रेल पुल का उद्घाटन भी करेंगे। यह पुल नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और 1,315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है, जिसे भूकंप और हवा की हर स्थिति का सामना करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
इतिहास की झलक
जम्मू-कश्मीर में रेलवे लाइन की परिकल्पना 19वीं शताब्दी में डोगरा महाराजा प्रताप सिंह द्वारा की गई थी। उन्होंने ब्रिटिश अभियंताओं को कश्मीर तक रेल मार्ग के लिए इलाके का सर्वेक्षण करने का काम सौंपा था। हालांकि, कई प्रस्तावों और रिपोर्टों के बाद, यह परियोजना एक शताब्दी से भी अधिक समय तक अधूरी रही।महाराजा हरि सिंह के पोते एवं पूर्व सदर-ए-रियासत कर्ण सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें गर्व है कि डोगरा शासक की लगभग 130 साल पहले बनाई गई योजना आखिरकार साकार हो गई है।

वर्तमान परियोजना
उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन (यूएसबीआरएल) परियोजना की आधारशिला 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रखी थी। इस परियोजना की लागत 50 करोड़ रुपये आंकी गई थी और इसके पांच साल में पूरा होने की उम्मीद थी। हालांकि, चुनौतीपूर्ण भूवैज्ञानिक, स्थलाकृतिक और मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण इसमें बार-बार देरी हुई, जिससे इसकी लागत बढ़कर अब 43,800 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। बता दे कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन (यूएसबीआरएल) के सामरिक महत्व को देखते हुए इसे 2002 में राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया था।यह 272 किलोमीटर लंबी परियोजना है, इसमें 36 सुरंगें और 943 पुल हैं, जो कश्मीर घाटी और देश के बाकी हिस्सों के बीच हर मौसम में निर्बाध रेल संपर्क स्थापित करेंगे।
प्रोजेक्ट की विशेषताएं
– चिनाब रेल पुल: दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल, जो 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।यह 1,315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है, यह पुल जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क को बढ़ावा देगा और भूकंप और हवा की हर स्थिति का सामना करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
- वंदे भारत ट्रेन: कटरा और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।कटरा और श्रीनगर के बीच चलने वाली यह ट्रेन यात्रा के समय को 6-7 घंटे से घटाकर केवल 3 घंटे कर देगी। इस ट्रेन में हीटिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक दरवाजे और एंटी-स्पॉल लेयर्स जैसी सुविधाएं होंगी, जो इसे -20 डिग्री तापमान में भी चलने में सक्षम बनाएंगी।
- रेल संपर्क में सुधार: यह परियोजना जम्मू और कश्मीर के बीच रेल संपर्क में सुधार करेगी और यात्रा के समय को कम करेगी।
उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है..
जम्मू-कश्मीर में रेलवे परियोजना का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है, जो क्षेत्र के विकास और प्रगति के लिए महत्वपूर्ण होगा। यह परियोजना न केवल जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि यह सपना हमारे प्रधानमंत्री द्वारा साकार किया जा रहा है ।
