युवतियों के दो गुटों में सड़क पर जमकर मारपीट, बाल पकड़कर घसीटा और बरसाए लात-घूंसे; वीडियो वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में युवतियों के बीच सड़क पर मारपीट के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में युवतियों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वायरल वीडियो में युवतियां एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचती, सड़क पर घसीटती और लात-घूंसे मारती नजर आ रही हैं। सार्वजनिक स्थानों पर हुई इन घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवतियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सड़क पर भिड़ीं युवतियां, बाल पकड़कर एक-दूसरे को घसीटा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवतियों के दो गुट किसी बात को लेकर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। युवतियां एक-दूसरे को गालियां देते हुए बाल पकड़कर खींचने लगीं। इस दौरान सड़क पर ही लात-घूंसे चले और एक-दूसरे को घसीटकर मारपीट की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कई लोगों ने अपने मोबाइल में पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली।

कुदुदंड पुल और सरकंडा-बहतराई मार्ग के आसपास विवाद की चर्चा

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, युवतियों के बीच मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। कुदुदंड पुल और सरकंडा-बहतराई मार्ग के आसपास के इलाकों में इस तरह के विवादों की चर्चा सामने आती रही है। हालांकि, वायरल दोनों वीडियो में शामिल युवतियों के बीच विवाद की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, स्टेटस पोस्ट करने की भी चर्चा

मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इनकी जमकर चर्चा हो रही है। दावा किया जा रहा है कि घटना में शामिल कुछ युवतियों ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर कथित तौर पर ‘कैसा लगा’ जैसे कैप्शन के साथ स्टेटस भी लगाए हैं। हालांकि, इन पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस तरह की घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से युवाओं के बीच हिंसा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

वायरल वीडियो के आधार पर युवतियों की पहचान में जुटी पुलिस

मामले को लेकर बिलासपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय बताई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की तैयारी में है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही मारपीट की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the word