सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, माओवादियों का डंप बरामद; 711 बीजीएल सेल जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं। विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।

ताड़ापाला के जंगलों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत एफओबी (FOB) ताड़ापाला के आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम ने तलाशी अभियान तेज किया।

सर्चिंग के दौरान एफओबी ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को विधिवत अपने कब्जे में लिया।

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचने की अपील

विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल नहीं जाने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) या अन्य विस्फोटक सामग्री छिपी होने की आशंका है। ऐसे में ग्रामीणों और आम लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।

आगे चलाया जाएगा डी-माइनिंग अभियान

सुरक्षा बलों ने बताया कि निर्धारित कार्ययोजना के तहत क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए संभावित बारूदी सुरंगों और विस्फोटक सामग्री की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय किया जाएगा, ताकि इलाके को सुरक्षित बनाया जा सके।

Spread the word