बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर, 11 की मौत और ३३ घायल

लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पकपतन जिले में गुरुवार को एक यात्री बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए।पुलिस और बचाव अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना पकपतन जिले में हुई। अस्पताल अधिकारी डॉ. अहमद रजा ने एपी को बताया कि बचाव दल ने मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन और भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया। यह बचाव अभियान करीब तीन घंटे तक चला। अधिकारियों ने अस्पताल में आपातकाल की घोषणा कर दी और घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों व चिकित्सा कर्मियों को बुलाया गया।पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में मौतों पर दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सा उपचार और राहत कार्यों के लिए हर संभव सहयोग जारी रखने का निर्देश भी दिया। पाकिस्तान में सडक़ दुर्घटनाएं आम हैं।
खराब सडक़ें, यातायात नियमों का कमजोर पालन और असुरक्षित ड्राइविंग के कारण अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। पिछले महीने बलूचिस्तान प्रांत में एक बस और वैन की टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी और करीब दो दर्जन घायल हुए थे।
