फ्रांस में महा-प्रदर्शन: सड़कों पर उतरा जनसैलाब, 6 लाख से अधिक लोगों ने देशव्यापी रैलियों में लिया भाग

पेरिस। फ्रांस में करीब छह लाख लोगों ने गुरुवार को बेहतर वेतन की मांग और हाई स्कूल विरोध आंदोलन का समर्थन करने के लिए देशव्यापी हड़तालों और प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, जिससे पहले से ही मुश्किलों में घिरी मैक्रों सरकार पर और दबाव बढ़ गया है। गुरुवार के प्रदर्शन आमतौर पर शांतिपूर्ण रहे जिनमें कई बड़ी ट्रेड यूनियनों ने भाग लिया। पूरे फ्रांस में एक महीने से भी अधिक समय से चल रहे बड़े और लगातार विरोध प्रदर्शनों के बाद, पेरिस, ल्योन, मार्सिले और अन्य जगहों पर फिर से बड़ी रैलियां निकाली गईं।
गृह मंत्रालय ने बताया कि देश भर में हुए विरोध प्रदर्शनों में छह लाख लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि आयोजकों में से एक सीजीटी यूनियन का कहना है कि इस रैलियों में 16 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया।
हालांकि, अधिकारी ने ल्योन, नान्तेस, पो, आरलियन्स, रेनेस और टूलूज जैसे शहरों में कुछ हिंसा होने की बात भी कही। छात्रों ने भी नए सिरे से विरोध प्रदर्शन किए। फ्रांस के लगभग एक-तिहाई हाई स्कूल या तो बंद रहे या वहां कामकाज नहीं हो सका।
कहीं छात्रों ने रास्ते रोक दिए थे, तो कहीं शिक्षक हड़ताल पर थे। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। उत्तर-पूर्वी शहर स्ट्रासबर्ग में पुलिस ने लोगों से कुछ स्कूलों के आस-पास बहुत सावधानी बरतने की अपील की।
एफिल ट\वर को भी बंद कर दिया गया था। नुनेज ने बताया कि 70,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है, जिन्हें बख्तरबंद वाहनों, ड्रोन और हेलीकाप्टरों का समर्थन प्राप्त है।
