मेडे मेडे… फ्लोरिडा में व्यस्त सड़क पर प्लेन क्रैश, 9 लोगों की मौत; वीडियो में कैद खौफनाक मंजर

फ्लोरिडा। फ्लोरिडा में एक व्यस्त सड़क के पास नौ लोगों को ले जा रहा एक बिजनेस जेट रविवार को आसमान से नीचे गिरा और आग के गोले में तब्दील हो गया। इस घटना को वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वीडियो में कैद कर लिया। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई है। बहामास जा रहा लियरजेट 60 विमान पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि यह पास के घरों या वहां से गुजर रहे वाहनों से नहीं टकराया।

पायलट की आखिरी बातचीत

इस हादसे के कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया और पूरा इलाका आग की लपटों और घने काले धुएं से भर गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग से उड़ान के आखिरी पलों की भयावह स्थिति का पता चलता है। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था कि मौसम खराब हो रहा है, विमान में झटके (टर्बुलेंस) महसूस हो रहे हैं और विमान पर बर्फ जम रही है। इसके बाद पायलट ने मदद के लिए डिस्ट्रेस कॉल (आपातकालीन संदेश) जारी किया।

पायलट ने शुरुआत में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को बताया, “विमान पर हल्की और साफ बर्फ जमी है जिसे संभाला जा सकता है और थोड़ी बहुत उथल-पुथल (टर्बुलेंस) भी है।” इसके बाद मौसम और खराब हो गया और विमान पर बारिश या बर्फबारी होने लगी, जिसके चलते पायलट ने 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति मांगी।

हम नीचे गिर रहे हैं’

विमान बहुत तेजी से नीचे गिरने लगा, जिसके बाद पायलट ने आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया। पायलट ने रेडियो पर कहा, “हम 8,000 फीट नीचे जा रहे हैं – मेडे, मेडे (आपातकालीन संकेत) हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं।”

बाद में पायलट ने बताया कि विमान की गति बहुत ज्यादा हो गई है और वह और भी तेजी से नीचे गिर रहा है। पायलट ने कहा, “हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं।” इसके तुरंत बाद उसने कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।”

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान 35,000 फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में उड़ रहा था तभी उसे टर्बुलेंस, बर्फ जमने और खराब मौसम का सामना करना पड़ा। इसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर गोता लगाने लगा और उसके नीचे गिरने की रफ्तार 30,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने कहा कि जमीन पर मौजूद लोगों के घायल होने या मारे जाने की कोई तत्काल खबर नहीं है। घटनास्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए डेसेंटिस ने कहा, “यह एक बहुत ही विनाशकारी विमान दुर्घटना थी। ऐसा लग रहा था जैसे कोई मिसाइल नीचे गिरी हो और इसने सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बना दिया।”

एहतियात के तौर पर, अधिकारी पास की एक मोबाइल होम कम्युनिटी से लगभग 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रहे थे। अगली सूचना तक सड़क को भी बंद कर दिया गया है। एफएए के अनुसार, यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ा था और बहामास जा रहा था।

विमान में सवार लोगों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई जब इलाके में भारी बारिश हो रही थी और सोमवार दोपहर तक वहां बाढ़ की चेतावनी लागू थी।

Spread the word