रायपुर केंद्रीय जेल में VIP सुविधा का मामला: टामन सोनवानी की निगरानी में तैनात प्रहरी निलंबित, 2 पर कार्रवाई की तैयारी

रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में बंद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को कथित VIP सुविधा दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। सोनवानी की निगरानी के लिए तैनात तीन जेल प्रहरियों में से एक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके मूल जेल अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।

वायरल वीडियो में सोनवानी अस्पताल में परिजनों के साथ बिना हथकड़ी और प्रहरी की मौजूदगी के बिना बातचीत करते नजर आए थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की।

एक प्रहरी निलंबित, दो पर कार्रवाई के लिए पत्र

जानकारी के मुताबिक, टामन सोनवानी की निगरानी के लिए संदीप कुमार माहेश्वरी, नागेंद्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे की ड्यूटी लगाई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर जेल अधीक्षक ने संदीप कुमार माहेश्वरी को निलंबित कर दिया। वह मूल रूप से बलौदाबाजार जिला जेल में पदस्थ था।

वहीं, नागेंद्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके संबंधित जेल अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।

मंगोड़ी सेंटर से गांजा, गुटखा और नकदी बरामद

इसी बीच केंद्रीय जेल रायपुर के बाहर संचालित मंगोड़ी सेंटर पर जेल प्रशासन की कार्रवाई में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नशीला सामान और 72 हजार रुपए नकद बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान करीब 400 पैकेट सितार गुटखा, नशीली गोलियां, गांजा, तंबाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किए जाने की बात कही गई है। यह कार्रवाई सेंटर संचालक राजेश वर्मा के खिलाफ की गई है, जो जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। आरोप है कि सेंटर के जरिए नशीला सामान जेल के अंदर पहुंचाया जाता था। मामले की जांच जारी है।

प्रहरी के पास से 15 पैकेट तंबाकू मिलने का दावा

जेल प्रशासन की कार्रवाई में मन्नत पुरैना नामक जेल प्रहरी के पास से भी 15 पैकेट तंबाकू मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि नशीले सामान से जुड़े लेनदेन का ऑनलाइन भुगतान उसकी बेटी के बैंक खाते में लिया जाता था।

फिलहाल दोनों मामलों में संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि, उनके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कार्रवाई के बाद से मंगोड़ी सेंटर के पिछले तीन दिनों से बंद होने की जानकारी है।

Spread the word