शिविर में बुजुर्गों को तत्काल मिला आयुष्मान कार्ड,

बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं बनीं आसान
आयुष्मान कार्ड हाथ में मिलते ही खिले चेहरे, स्वास्थ्य शिविर में मिला समग्र लाभ

कोरबा 24 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा के बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्ति पीठ में आयोजित वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदाता शिविर जरूरतमंद नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की सहज उपलब्धता का माध्यम बना। कोरबा नगर के चारपारा-कोहड़िया निवासी श्री समेलाल, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती लक्षन बाई एवं श्रीमती श्याम बाई शिविर में पहुंचे और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में लगाए गए आयुष्मान वय वंदना कार्ड निर्माण स्टॉल पर श्री समेलाल, श्रीमती लक्षन बाई एवं श्रीमती श्याम बाई ने अपना आयुष्मान कार्ड तत्काल प्राप्त किया। कार्ड हाथों में मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने एक ही स्थान पर आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिलने को बुजुर्गों के लिए उपयोगी पहल बताया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही बीपी, शुगर, सर्दी-खांसी, नेत्र जांच, टीबी स्क्रीनिंग सहित अन्य स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ लिया। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आयुष्मान योजना का लाभ सहजता से उपलब्ध होने से नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण सुविधा मिली।

Spread the word