’सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर नागरिकों ने दिया रक्तदान का संदेश’

’सेवा संकल्प शिविर में स्वस्फूर्त रक्तदान, 18वीं बार रक्तदान कर श्री कल्याण विश्वास ने बढ़ाया हौसला’
’18वीं बार रक्तदान कर श्री कल्याण विश्वास ने पेश की मानव सेवा की मिसाल, कहा-रक्तदान जीवन बचाने का पुनीत कार्य’
कोरबा 24 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित वृहद स्वास्थ्य एवं रक्तदाता शिविर में युवाओं सहित आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान के प्रति नागरिकों का उत्साह मानव सेवा के संकल्प को मजबूती प्रदान करता नजर आया।
शांति विहार, रामनगर निवासी श्री कल्याण विश्वास ने शिविर में स्वस्फूर्त रूप से 18वीं बार रक्तदान किया। नियमित रक्तदाता श्री विश्वास ने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रक्तदान मानव सेवा और भलाई का पुनीत कार्य है। प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए और इस महादान में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच और रक्तदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को जनसुलभ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री विश्वास ने बताया कि शिविर में बीपी, शुगर, टीबी स्क्रीनिंग, नेत्र जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। नागरिकों को चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी मिल रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए नियमित जांच कराएं और पात्र होने पर स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनें।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य जागरूकता, उपचार और रक्तदान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए मानव सेवा की भावना को सशक्त बना रहा है।
