मामूली बात को लेकर मौसी से विवादः नाराज युवक ने लाठी-डंडे से किया हमला, मौत

कोरबा 31 अगस्त। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरैना में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी ही मौसी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, तीरथ राम शाम के समय कहीं घूमकर अपने घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घर आने पर उसकी मौसी ने उसे बेवजह घूमने और देर से घर लौटने की बात को लेकर फटकार लगाई। मौसी की डांट युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने घर में रखे डंडे से उन पर हमला कर दिया। युवक ने मौसी के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ीं।

हमले के बाद महिला के सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद बांकी मोंगरा थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Spread the word