कार में व्याख्याता पति के साथ युवती देख पारा चढ़ा पत्नी काः किया हंगामा, उंगली काटने तक पहुंचा विवाद

कोरबा 31 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शिक्षक दंपती के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षिका ने अपने व्याख्याता पति को एक युवती के साथ कार में देखा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज व मारपीट तक पहुंच गया। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में पदस्थ हैं, जबकि उनके पति चौतमा स्कूल में व्याख्याता हैं। आरोप है कि शिक्षिका ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ कार में बैठे देखा। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट हुई। पत्नी का आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं पति ने आरोप लगाया कि पत्नी ने विवाद के दौरान उसके हाथ की उंगली काट ली।
व्याख्याता पति का कहना है कि कार में मौजूद युवती उसकी पूर्व छात्रा थी और पत्नी ने स्थिति को गलत समझ लिया। वहीं पत्नी ने पति पर दूसरी युवती के साथ होने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कटघोरा थाने पहुंचने के बाद पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
