राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 1.72 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई

कोरबा 28 जून। भारत को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे चरणबद्ध राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत आज कोरबा जिले में व्यापक स्तर पर पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य किया गया। जिले भर में लगभग 1,500 बूथ स्थापित किए गए, जहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोरबा जिले में कुल 1,72,000 से अधिक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी बच्चों का पूर्व में ही पंजीकरण कर लिया गया था, ताकि किसी भी पात्र बच्चे को दवा से वंचित न रहना पड़े। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आईसीडीएस एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बूथों की स्थापना सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी की गई थी, जिससे अधिक से अधिक बच्चों तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित हो सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि 28 जून तक सभी पंजीकृत बच्चों को पोलियो की खुराक पिला दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा बूथ पर दवा लेने से वंचित रह जाता है, तो अगले दो दिनों तक घर पहुंच सेवा दी जाएगी।

Spread the word