भाजपा नेता पर हमले के आरोपी रज्जाक अली के कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

कोरबा 28 जून। भाजपा नेता पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

प्रशासन के अनुसार, हमले के मामले में नाम सामने आने के बाद रज्जाक अली के निर्माण संबंधी दस्तावेजों और भवन की वैधता की जांच की गई। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत होने की बात सामने आने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस जवान, प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा।

प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही रज्जाक अली से जुड़ी अन्य संपत्तियों और मामलों की भी जांच की जा रही है। यदि अनियमितताएं मिलती हैं तो आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word