गरियाबंद में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: जंगल से नक्सलियों का डंप जखीरा बरामद, आईईडी नष्ट

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में 31 मार्च को नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बाद अब जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री के डंप लगातार सामने आ रहे हैं।

आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस एवं सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई करते हुए ऐसे डंप स्थलों का पता लगा रहे हैं और सामग्री बरामद कर रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डडईपानी के जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में डंप जखीरा बरामद किया।

बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर, 5 किलोग्राम का कुकर आईईडी, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल (UBGL) राउंड तथा पटाखा सामग्री शामिल है।

सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं बरामद आईईडी को जंगल में ही सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Spread the word