सरकारी दफ्तर बना मयखाना! धान संग्रहण केंद्र में कर्मचारियों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल

बालोद। जिले के मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र से सरकारी व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ कर्मचारियों पर सरकारी कार्यालय को ही मयखाना बनाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और अधिकारियों की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कार्यालय में जाम छलकाते नजर आए कर्मचारी
जानकारी के अनुसार मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र में पदस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी तिलेश्वर साहू कुछ अन्य लोगों के साथ कार्यालय परिसर में शराब पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में कर्मचारी सरकारी दफ्तर के भीतर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं।
दस्तावेजों की जगह आलमारी में रखी शराब की बोतलें
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि सरकारी दस्तावेज रखने के लिए इस्तेमाल होने वाली आलमारी में शराब की बोतलें रखी गई हैं। इससे सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और कार्यालयीन अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की गतिविधियां प्रशासनिक व्यवस्था की छवि को धूमिल करती हैं।
डीएमओ ने सवाल सुनने से पहले ही काटा फोन
पूरे मामले में जिला विपणन अधिकारी (DMO) टिकेंद्र राठौर का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। हालांकि उन्होंने स्वयं को अवकाश पर बाहर होने की बात कहते हुए सवाल सुने बिना ही फोन काट दिया। इसके बाद विभागीय जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अब सभी की नजरें जिला प्रशासन और विपणन विभाग पर हैं कि वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
