संगठित समाज से राष्ट्र की प्रगति संभवः गोपाल


कोरबा, 29 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कोरबा नगर में विजयादशमी उत्सव पर रामसागरपारा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करने के साथ पथ संचलन निकाला। इकाई स्तर के स्वयंसेवक इस संचलन में शामिल हुए।

भारत माता और संघ की स्थापना से जुड़े सरसंघ चालक केशव बलिराम हेडगेवार व श्रीगुरूजी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन करने के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मातृभूमि की प्रार्थना समवेत स्वर में की गई। अगली कड़ी में पथ संचलन घोष दल के साथ निकाला गया। रामसागरपारा, दलिया गोदाम, मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्र से होते हुए इसने निर्धारित समय में संचलन को पूर्ण किया। समापन से पहले श्याम मित्र मंडल कोरबा के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी बात रखी।

उन्होंने आरएसएस के 100 वर्ष के कालखंड के दौरान हुए कई प्रकार के उतार-चढ़ाव और अबकी स्थिति पर विचार रखने के साथ प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े अनुशासित संगठन के रूप में संघ की पहचान है। आपातकाल से लेकर दूसरे अवसर पर उसके सदस्यों ने बिना किसी भय के समाज की जो सेवा की है, वह अपने आप में अतुलनीय है। उप नगर संघचालक सहित कार्यवाह और क्षेत्र के नागरिक इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Spread the word