नैतिक शिक्षा की मजबूती के लिए बाल संस्कार शिविर का आयोजन

कोरबा 29 मई। राष्ट्र सेवा और जन सेवा का संकल्प लेकर भारत विकास परिषद से जुड़े लोगों द्वारा कोरबा में बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चे शामिल होकर भारतीय संस्कृति सभ्यता और संस्कार को अपने हृदय में उतार रहे हैं।

भारत विकास परिषद कोरबा मुख्य शाखा द्वारा बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया है। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुधवारी में आयोजित इस शिविर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लगभग तीन दर्जन बच्चे भाग ले रहे हैं। इस तीन दिवसीय शिविर का उद्घाटन भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार कुदेशिया के मुख्य आतिथ्य कोरबा अध्यक्ष कमलेश यादव, सचिव दीपक सिंह ठाकुर, संस्कार प्रमुख विष्णु शंकर मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रेम रामचंदानी समेत अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। धर्मेंद्र कुडैशिया और कमलेश यादव ने अपने उद्बोधन में इस शिविर के उद्देश्य की जानकारी दी। दोनों वक्ताओं ने बच्चों में भारतीय संस्कृति और संस्कार के क्षरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर अपनी संस्कृति और संस्कार को न केवल बचाना है बल्कि बच्चों के हृदय में उसे रोपित करना है ।

भारत विकास परिषद के इस बाल संस्कार शिविर के उद्घाटन सत्र में प्रांतीय पदाधिकारी महेश गुप्ता, कैलाश नाथ गुप्ता पूर्व अध्यक्ष मोहन अग्रवाल पूर्व सचिव कन्हैया सोनी अरविंद शर्मा प्रमोद पांडे जगदीश सोनी रवि,महेंद्र देवांगन समेत अन्य वरिष्ठ सदस्यों और योग वेदांत समिति के सदस्यों ने ना केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई वरन व्यवस्था को सुचारू रूप से प्रारंभ करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गौरतलब है कि भारत विकास परिषद राष्ट्रव्यापी संस्था है इससे संबद्ध लोग तन मन धन से जनसेवा और राष्ट्र सेवा में रत हैं। संपर्क, सहयोग संस्कार ,सेवा और समर्पण का संकल्प लेकर देश में भारत विकास परिषद द्वारा अगणित लोकहित के कार्य किये और कराए जा रहे हैं।

Spread the word