केंदई रेंज में पहाड़ से नीचे उतरकर 11 हाथी पहुंचे तालाब, पानी पीने के साथ की जलक्रीड़ा

कोरबा 29 मई। वनमंडल कटघोरा के जटगा व केंदई रेंज में 46 की संख्या में हाथी तीन अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहे हैं। हाथियों का 33 सदस्यीय दल जटगा रेंज के मेढ़उड़ पहाड़ पर काफी दिनों से मौजूद है, वहीं 11 हाथी इस दल से अलग होकर पहाड़ से नीचे उतर गए और जंगल ही जंगल होते हुए बासीन बीट के नवापारा पहुंच गए। हाथियों के दल को यहां तालाब के पास विचरण करते हुए देखा गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। जिस पर वन अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गए हैं।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथियों का दल नवापारा स्थित तालाब में पानी पीने तथा कुछ देर जलक्रीड़ा करने के बाद वापस जंगल की ओर चले गए। वर्तमान में हाथियों का लोकेशन नवापारा जंगल में एक स्थान पर दिखा रहा है। हाथियों की मौजूदगी वाले गांव नवापारा व आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों को हाथियों के दल के क्षेत्र में आने की सूचना देते हुए उन्हें इससे दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
उधर कटघोरा वनमंडल के ही केंदई रेंज में दो दंतैल हाथी सक्रिय है। दंतैल हाथियों को यहां लालपुर बीट के चोटिया व कोरबी के बीच स्थित डंपिंग एरिया में देखने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। दंतैल हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। बताया जाता है कि एक दंतैल यहां पर पहले से ही घूम रहा था जबकि दूसरा दंतैल एतमानगर रेंज से यहां पहुंचा है। दंतैल हाथियों के क्षेत्र में आने से ग्रामीण दहशत में हैं।
