करतला ब्लॉक में बिजली कटौती, भीषण गर्मी में लोग परेशान

कोरबा 25 मई। करतला ब्लॉक और आसपास के क्षेत्र में पिछले 4 दिन से लोगों का दिन गुजारना काफी परेशानी भरा हो गया है। दिन में 11 बजे से बिजली गुल हो जाती है और फिर इसकी वापसी शाम 5 बजे के आसपास होती है। भीषण गर्मी में कटौती के कारण जनता त्रस्त है। ग्रामीण ने इस बारे में सीएसईबी वितरण कंपनी से बातचीत की तो उन्हें सिर्फ इतना बताया गया कि सब स्टेशन स्तर पर समस्याएं हो रही है। ट्रांसफार्मर सहित दूसरे इक्विपमेंट गर्मी की वजह से काफी हॉट हो रहे हैं और इसके कारण लंबे समय तक पूरे ऑपरेशन में रखना काफी मुश्किल हो रहा है।
नौतपा से पहले ही ग्रामीण क्षेत्र में हजारों की आबादी सीएसईबी के तर्क के कारण दुश्वारियां झेलने के लिए मजबूर है। इधर आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है यानी अभी लंबे समय तक तापमान 45 डिग्री के आसपास हो सकता है। लोगों की चिंता बड़ी हुई है कि जब पहले से ही बिजली वितरण कंपनी के संसाधन ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं तो फिर आगे क्या होगा। लोगों का कहना है कि रात्रि में कई बार पावर कट होने के कारण अनिद्रा जैसी समस्याएं सामने आ रही है और इधर दिन में ही 5 से 6 घंटे बिजली गुल करने की वजह से जीना मुश्किल हो गया है। लोग जाना चाहते हैं कि आखिर कोरबा ग्रामीण वितरण संभाग से संबंधित बिजली की परेशानियां आखिर दूर कैसे होगी और उनके लिए किस स्तर पर प्रयास करने होंगे
