वकील की दबंगई: ‘हर हर महादेव’ गाने पर तलवार-पिस्टल लहराकर मचाई दहशत, गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक वकील ने खुलेआम हथियार लहराकर कॉलोनी में दहशत फैला दी। आरोपी ‘हर हर महादेव’ गाने पर नशे की हालत में तलवार, पिस्टल और फरसा लेकर लोगों को डराता रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के पॉश इलाके रामावैली कॉलोनी की है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी वकील अंशुमन श्रीवास्तव (41) अपने घर के बाहर कार खड़ी कर शराब पी रहा था। इसी दौरान वह हाथ में हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमकाने लगा।

वीडियो वायरल, लोगों में दहशत

कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और पुलिस को सौंप दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया, वहीं सोशल मीडिया पर भी यह तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, वीडियो की जांच के बाद आरोपी की पहचान की गई।
चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी के घर L-5, मकान नंबर 124 की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Spread the word