24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जैन समाज ने

कोरबा 31 मार्च। जैन समाज की ओर से भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा पुराने बस स्टैंड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में ‘जियो और जीने दो सत्य और अहिंसा’ जैसे प्रेरणादायक संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल की गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आमजन ने इन झांकियों का अवलोकन कर जैन समाज की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता भी देखने को मिली, जिन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा की गरिमा को और बढ़ाया। शहर का माहौल पूरी तरह धर्ममय और उत्साहपूर्ण बना रहा। शोभायात्रा के सफल संचालन में ट्रैफिक पुलिस, कोतवाली थाना एवं सीएसईबी चौकी के पुलिस स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ गई।
