युवक ने खुद का गला रेतकर कुएं में लगाई छलांग, परिजन ने कहा भूत-प्रेत का साया

कोरबा 18 फरवरी। घटना जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत ग्राम बेंदर कोना से सामने आई है। घटना को देखकर रोंगटे खड़े हो। यहाँ एक युवक ने न केवल खुद का गला रेता, बल्कि खून से लथपथ हालत में भागते हुए गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे परिजन ऊपरी हवा और भूत-प्रेत का साया होने का दावा कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बेंदर कोना निवासी राम कृष्ण कुर्रे ने अज्ञात कारणों से अचानक अपने ही गले पर धारदार चाकू चला दिया। गर्दन से खून की धार बहने के बावजूद युवक बदहवास होकर भागने लगा और देखते ही देखते गांव के एक कुएं में कूद गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जब यह मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने डायल 108 और 112 पर सूचना दी। लेकिन, संजीवनी एक्सप्रेस (108) की मदद समय पर नहीं मिल सकी। अंततः डायल 112 की टीम देवदूत बनकर पहुंची और आधे रास्ते से युवक को अपनी गाड़ी में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में भर्ती राम कृष्ण की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गले में गहरे जख्म होने के कारण वह कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है। वह इशारों और कागज पर लिखकर डॉक्टरों और परिजनों को घटना की जानकारी देने की कोशिश कर रहा है।

इस आत्मघाती कदम के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन युवक के परिजनों का मानना है कि उस पर भूत-प्रेत या किसी बुरी शक्ति का साया है। उनके अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से अजीब व्यवहार कर रहा था। फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है कि यह मामला केवल मानसिक बीमारी का है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह।

Spread the word