रूमगढ़ा-सतरेंगा मार्ग पर बने गड्ढ, विधायक ने सुधार की मांग की

कोरबा 15 नवम्बर। रूमगड़ा से सतरेंगा-लेमरू तक बनने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। सडक के कई हिस्से दब गए हैं और बड़े-बड़े गड्ढों का रूप ले चुके हैं। विशेषकर कढकटरा के पास सडक पर बना गहरा गड्ढा दुर्घटना को दावत दे रहा है, जिससे आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल है।
सतरेंगा चूंकि प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां रोजाना सैकड़ों पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में इस जर्जर सडक के कारण दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ गई है। इस गंभीर स्थिति को लेकर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने भी सडक मरम्मत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। सडक की खराब स्थिति से हादसे हो रहे हैं, इसलिए प्रधानमंत्री सडक का तुरंत मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी सडक की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से त्वरित मरम्मत की मांग की है।
