कोल कर्मियों व कामगारों के हित में फैसला स्वागतेयः सुरेंद्र सिंह राठौर

कोयला मंत्री ने दुर्घटना में नुकसान पर की बड़ी घोषणा
कोरबा 15 सितंबर। सर्वहारा वर्ग के लिए गंभीरता से कम कर रहे सुरेंद्र सिंह राठौर ने भारत सरकार के उस निर्णय का स्वागत किया है जिसमें कोयला खदानों में काम के दौरान आपात स्थिति में होने वाले नुकसान पर कोयला कर्मचारी और ठेका कामगारों के परिजनों को एक करोड़ अतिरिक्त मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। हाल में ही कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी के द्वारा इस बारे में घोषणा की गई। हर स्तर पर इस निर्णय को कल्याणकारी और संवेदनशील बताया गया।
सुरेंद्र राठौर ने कहा की कोल इंडिया की खदानों में लाखों की संख्या में कर्मचारियों के अलावा कांटेक्ट वर्कर काम कर रहे हैं। यहां पर हमेशा जोखिम की स्थिति बनी होती है और अलग-अलग कारण से कई बार हादसे भी हो जाते हैं। हालांकि सुरक्षा मापदंडों का पालन करने के लिए सरकार और कोयला खदानों का प्रबंध अपने स्तर पर पूरी कोशिश करता है। फिर भी प्राकृतिक और मानवीय गलतियों के कारण दुर्घटनाएं हो जाती हैं और ऐसे में मृत्यु होने पर संबंधित कर्मियों या कांटेक्ट वर्कर के परिवार के सामने भविष्य की अनेक चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। सामाजिक सुरक्षा का बड़ा संकट इसमें सबसे ज्यादा अहम होता है।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि कोल इंडिया के अब तक के इतिहास में इस तरह का निर्णय पहली बार कर्मचारी और मजदूर हित में लिया गया है जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा की कोरबा जिले में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानें संचालित है जहां पर सुरक्षा की स्थिति को और भी मजबूत करने की बात हो रही है और इस पर निश्चित रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।
