पसान सर्किल में दंतैल हाथी ने फिर ढहाया मकान

कोरबा, 21 अक्टूबर। कटघोरा वनमंडल के पसान सर्किल में हाथियों का उत्पात बदस्तूर जारी है। यहां के खोडरी एवं आसपास के गांवों में 52 की संख्या में हाथी सक्रिय है और खेतों तथा आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर फसल तथा ग्रामीणों के मकान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
बीती रात दल में से एक दंतैल हाथी अलग हुआ और खोडरी गांव में पहुंचकर एक ग्रामीण के कच्चे मकान को निशाना बनाते हुए ढहादिया। जिस समय दंतैल ने यहां धावा बोला उस समय ग्रामीण अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहा था। हाथी के आने की आहट सुनकर वे जागे और अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के एक कोने में छिपकर जान बचाई तथा वन विभाग को हाथी के आने की सूचना दी, जिस पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचार हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और दंतैल हाथी को खदेडने की कार्यवाही की। खदेड़े जाने पर दंतैल हाथी ने जंगल का रूख किया, तब गा्रमीणों ने राहत की सांस ली। हाथियों के दल ने क्षेत्र में उत्पात मचाते हुए कई ग्रामीणों के फसल को भी रौंद दिया है।
इधर कोरबा वनमंडल के साजापानी क्षेत्र में हाथियों का दल लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथियों के दल ने बीती रात एक बार फिर ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया और वहां लगे फसल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के उत्पात से पांच ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना दिए जाने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी करने के साथ नुकसानी के आंकलन में जुट गया है।
