अनिल टूटेजा और अनवर ढेबर की 21 तक, नवनीत तिवारी की 7 दिन बढ़ी रिमांड की अवधि

रायपुर। कस्टम मिलिंग घोटाले मामले में एक बार फिर से कारोबारी अनवर ढेबर और पूर्व आइएएस अनिल टूटेजा को ईओडब्ल्यू- एसीबी ने रिमांड पर लिया है। दोनों को सोमवार को रिमांड खत्म होने पर विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां ईओडब्ल्यू की ओर से फिर से रिमांड की मांग की गई।
कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद 21 जुलाई तक रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। वहीं, मार्कफेड के पूर्व एमडी रायपुर जेल में बंद मनोज सोनी को ईओडब्ल्यू में सात दिन की रिमांड पर लिया है। तीनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।
नवनीत फिर सात दिन ईओडब्ल्यू की रिमांड पर
दूसरी ओर 570 करोड़ रुपये से अधिक के कोयला घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू की गिरफ्त में आए नवनीत तिवारी की एक दिन की रिमांड खत्म होने पर सोमवार को विशेष कोर्ट में पेश किया गया। ईओडब्ल्यू-एसीबी ने नवनीत तिवारी की फिर से रिमांड पर लेने आवेदन पेश किया।
सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने सात दिन की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। घोटाले के किंगपीन व रायपुर जेल में बंद सूर्यकांत तिवारी के रिश्ते के भाई नवनीत तिवारी रायगढ़ में रहकर सूर्यकांत के लिए अवैध लेवी वसूलने का काम करता था।
