मणिपुर में अब कुकी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, कई इलाकों में आगजनी; बंद के कारण पांच जिलों में जनजीवन प्रभावित

इंफाल। मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के व्यक्ति पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वह पी मोल्डिंग गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे तभी उग्रवादियों ने हमला किया। दूसरा व्यक्ति हमले में जान बचाकर भागने में सफल रहा।
हत्या के विरोध में कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी ने जिले में आधी रात से 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है। सोमवार को इसी जिले में उग्रवादियों ने सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी बीन रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
इस बीच मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार को 48 घंटे के बंद के चलते घाटी के पांच जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
सार्वजनिक परिवहन भी ठप रहा, हालांकि कुछ निजी वाहन चलते दिखे। नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर के सदस्यों ने मंगलवार और बुधवार को बंद का आह्वान किया है। इस बीच पुलिस ने बताया कि मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दोरजी लहातू ने बताया कि पूछताछ के दौरान, तीन में से दो उग्रवादियों ने स्वीकार किया है कि वे उन उग्रवादियों में शामिल थे, जिन्होंने सुनुरोक पहाड़ियों में हमला किया था।
