सरगुजा के मैनपाट में होगा भाजपा नेताओं का प्रशिक्षण शिविर: नड्डा- शाह आएंगे, चौधरी ने किया स्थल निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पहली बार एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है जिसमें प्रदेश के सभी सांसद, विधायक और मंत्री शामिल होंगे। यह प्रशिक्षण शिविर 7 जुलाई से 9 जुलाई तक चलेगा। शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा करेंगे जबकि समापन सत्र को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे।
तीन दिन चलने वाले इस शिविर में पार्टी जनप्रतिनिधियों को भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, सिद्धांत और रीति-नीति की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सुशासन, लोकसंवाद और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय कैसे स्थापित किया जाए, इस पर भी विशेष सत्र होंगे। प्रत्येक दिन अलग-अलग सत्रों में संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता और सरकार के अनुभवी पदाधिकारी मार्गदर्शन देंगे।
सीएम विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह देंगे दिशा
शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीनों दिन मौजूद रह सकते हैं। वे खुद भी सत्रों को संबोधित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपने अनुभव साझा करते हुए बताएंगे कि एक जनप्रिय और नीतिनिष्ठ जनप्रतिनिधि कैसे बना जाता है। पार्टी के लिए प्रतिबद्धता और सिद्धांतों पर टिके रहना भी मुख्य बिंदुओं में शामिल रहेगा।
भाजपा संगठन द्वारा कार्यक्रम के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है। बस्तर और मैनपाट जैसे शांत, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन और समस्त आयोजन की व्यवस्थाएं उच्चस्तर पर की जा रही हैं।
शिविर के माध्यम से यह भी बताया जाएगा कि भाजपा ने किस प्रकार शून्य से शिखर तक की राजनीतिक यात्रा पूरी की। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को भाजपा के मूल सिद्धांतों से जोड़ना और उन्हें जनता के साथ आत्मीय संवाद के लिए तैयार करना है। यह आयोजन न केवल एक प्रशिक्षण का माध्यम है, बल्कि भाजपा की विचारधारा को मजबूत करने का भी प्रयास है।
मंत्री चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरगुजा जिले में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम को लेकर वित्त एवं जिला प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने मैनपाट के कर्मा रिसोर्ट में प्रशानिक अधिकारियों की बैठकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 7, 8 और 9 जुलाई को तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित होने जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक गण प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण स्थल कार्यक्रम की तैयारी, सड़कों की मरम्मत, चिकित्सा व्यवस्था,सुरक्षा व्यवस्था, ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, हैलिपैड व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, मजिस्ट्रेट ड्यूटी, पार्किंग व्यवस्था, पानी व्यवस्था, पास व्यवस्था, ट्रांसपोर्टिंग, डोम पंडाल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर विलास भोसकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर तड़ित चालक (लाइटनिंग अर्रेस्टर) की अनिवार्य व्यवस्था की जाए। साथ ही सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रियल ड्यूटी तैनात करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लूण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं जन गण उपस्थित थे।
