चेम्बर चुनावः अध्यक्ष पद के लिए कलीम ने की दावेदारी

कोरबा 27 जून। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही अब अध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए दावेदारों ने अपनी दावेदारी शुरू कर दी है। अब तक अध्यक्ष पद के लिए तीन से अधिक दावेदारों के नाम सामने आए हैं। जिनमें मौजूदा अध्यक्ष योगेश जैन, चेम्बर महामंत्री एवं भाजपा नेता विनोद अग्रवाल के अलावा कांग्रेस झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री कलीम सिद्दिकी के नाम शामिल हैं।

जहां चेम्बर अध्यक्ष के रूप में बेहतर काम कर योगेश जैन ने व्यापारियों तक अच्छी पहुंच बनाई है वहीं मौजूदा महामंत्री व भाजपा नेता विनोद अग्रवाल भी अध्यक्ष पद के दावेदार बताए जा रहे हैं। उन्हें संगठन में काम करने का दीर्घ अनुभव है। इस आधार पर वे व्यापारियों से समर्थन की उम्मीद रखते हैं। कांग्रेस के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री कलीम सिद्दिकी भी अध्यक्ष पद की रेस में शामिल होकर अपनी दावेदारी पेश की है और प्रचार-प्रसार भी शुरू कर दिया है। उन्हें कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों में काम करने का अच्छा अनुभव है जिसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा अन्य पदों के लिए भी दावेदारों ने ताल ठोंककर अपना प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है।

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 जून को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नामांकन, दोपहर 2 बजे प्रत्याशियों की सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, शाम 4 बजे तक नामांकन वापसी एवं 5 बजे सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके पश्चात् चुनाव की स्थिति में एक जुलाई को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान और इसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना पश्चात परिणाम की घोषणा होगी।

Spread the word