अंबिकापुर में प्रदेश स्तरीय अग्र महाकुंभ समारोह आयोजित, सीएम के हाथों अनेक प्रतिभाएं सम्मानित

अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा, चेयरमेन अशोक मोदी ने जताया आभार

कोरबा 27 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 19 एवं 20 सितंबर को अंबिकापुर में प्रदेश स्तरीय अग्र अलंकरण समारोह एवं अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं महिला प्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, दो दिवसीय कार्यक्रम में 1000 से अधिक समाजजन शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय थे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक संपत अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज एवं योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल संगठन की मांग पर महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित करने की घोषणा की। घोषणा के बाद उपस्थित समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराजा अग्रसेन के सामाजिक एवं लोककल्याणकारी विचारों का उल्लेख करते हुए अग्रवाल समाज द्वारा शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

अग्र अलंकरण समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले 18 व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। आयोजन में महाराजा अग्रसेन के 18 गोत्रों की परंपरा को प्रतीकात्मक रूप से केंद्र में रखते हुए प्रतिभा, सेवा, सामाजिक योगदान और नेतृत्व के लिए सम्मान प्रदान किए गए।राजनीति के क्षेत्र में योगदान के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल को अग्र अलंकरण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर राजा मोदी द्वारा प्रायोजित किया गया।आयोजन में कोरबा से भी समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें श्रीकांत बुधिया, राजेंद्र अग्रवाल, शोभा केडिया, प्रेमा अग्रवाल, किरण मोदी, संतोष अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, भगवती प्रसाद गोयनका, रजनी सुल्तानिया एवं सरला मित्तल सहित अन्य समाजजन शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कवयित्री सोनल जैन एंड पार्टी की काव्य संध्या में महाराजा अग्रसेन और अग्रवाल समाज की परंपराओं से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत की गईं। आयोजकों के अनुसार, काव्य कार्यक्रम देर रात तक चला।दो दिवसीय आयोजन में सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में संचालित सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा की।

शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन अशोक कुमार मोदी ने आयोजन में शामिल मुख्यमंत्री, अतिथियों, प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों पर संवाद को बढ़ावा देना रहा।

Spread the word