breaking: रेत खनन मामलों में लापरवाही पर खनि अधिकारी निलंबित, मुख्यालय अटैच, देखें आदेश

रायपुर 15 जून 2025/ खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण न करने और संबंधित प्रकरणों में समुचित कार्यवाही नहीं किए जाने के कारण खनिज साधन विभाग द्वारा जिला राजनांदगांव में पदस्थ खनि अधिकारी श्री प्रवीण चन्द्राकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संचालनालय, भौमिकी तथा खनिकर्म, रायपुर नियत किया गया है।

आपको बता दें कि इससे पहले राजनांदगांव में रेत माफियाओं के साथ गठजोड़ रखने वाले थानेदार को भी एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई ने ग्रामीणों के उस गंभीर आरोप पर मुहर लगा दी है, जिसमें ग्रामीणों ने गोलीकांड के बाद पुलिस और माइनिंग के संरक्षण में रेत का अवैध खनन चलने का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया में टीआई का गोलीकांड के आरोपी खनन माफिया से बातचीत का वीडियों वायरल होने के बाद SP ने सोमनी थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला के ग्राम मोहड़ा में अवैध रेत खनन का विरोध करने पर माफियाओं ने ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी थी। गोलीकांड की इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गयी थी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम और अवैध खनन के कारोबार को पुलिस और माइनिंग विभाग का संरक्षण मिलने का गंभीर आरोप लगाया था। पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। लिहाजा पुलिस ने वारदात के बाद आनन फानन में वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोमनी थाना प्रभारी सत्यनारायण देवांगन का एक वीडियों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें थानेदार उक्त वारदात के आरोपी से मोबाइल पर बातचीत कर गोपनीय जानकारी साझा कर रहे हैै। ग्राम मोहड़ा में हुए गोलीकांड के बाद टीआई का वीडियों वायरल होने से पुलिस के इमेज पर एक बार फिर बट्टा लगा है। लिहाजा राजनांदगांव एसपी ने गोलीकांड के इस मामले पर कड़ा एक्शन लेते हुए सोमनी थाना प्रभारी सत्यनारायण देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Spread the word