Israel-Iran War: ईरान युद्धविराम के लिए तैयार, विदेश मंत्री अराघची बोले- ‘पहले इजरायल रोके हमले, फिर हम जवाबी कार्रवाई बंद कर देंगे

तेहरान। ईरान- इजरायल युद्ध के तीसरे दिन दोनों देशों ने शनिवार रात एक-दूसरे के ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि रविवार सुबह-सुबह इजरायल ने एक बार फिर ईरान के रक्षा मंत्रालय से लेकर गैस फील्ड साइट पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए दहला दिया। इजरायल के सटीक मिसाइल हमलों से गैस फील्ड साइट धधक उठी है और प्रोडक्शन रोक दिया गया है। इजरायल के इन हमलों ने ईरान को तोड़ दिया है। ईरान ने इजरायल पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के सामने युद्धविराम की पेशकश की है। ईरान के शीर्ष राजनयिक ने साफ संकेत दिया है कि अगर इजरायल अपने हमले रोकता है तो ईरान भी जवाबी कार्रवाई बंद कर देगा।
वहीं सूत्र के हवाले से द जेरूसलम पोस्ट ने बताया कि ईरान ने ओमान और कतर से मध्यस्थता करने का आग्रह किया है। ताकि वॉशिंगटन के साथ परमाणु वार्ताएं फिर से शुरू कराई जा सकें और इजरायली हमले रोके जा सकें।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi ) ने सीजफायर का प्रस्ताव रखा है। अराघची ने हाल ही में विदेशी राजनयिकों के साथ एक बैठक में स्पष्ट किया कि ईरान का सैन्य जवाब पूरी तरह वैध है। उन्होंने कहा कि हम अपना बचाव कर रहे हैं। हमारा बचाव पूरी तरह से वैध है। अगर आक्रामकता रुक जाती है तो स्वाभाविक रूप से हमारी प्रतिक्रिया भी रुक जाएगी।
ईरानी हमलों से हाइफा के रिफाइनरी सेंटर को नुकसान
इजराइल के हाइफा शहर के बाजान तेल रिफाइनरी सेंटर में पाइपलाइनों और ट्रांसमिशन लाइनों को ईरानी हमले से नुकसान पहुंचा है। कंपनी ने कहा- यहां रिफाइनिंग का काम जारी है, लेकिन कुछ सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। ईरान की तरफ से रातभर हाइफा पर लगभग 40 मिसाइलें दागी गईं थीं। हालांकि, इजराइली सूत्रों ने बताया कि अदाणी ग्रुप के हाइफा पोर्ट को कोई नुकसान नही हुआ है। यहां दागी गई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया।
इजराइल के हमले में ईरान की राजधानी के तेहरान के रिहाइशी इलाके में आग लग गई।

ईरान में खुफिया एजेंसी मोसाद से जुड़े होने के आरोप में 2 गिरफ्तार किए गए
ईरान ने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद से जुड़े होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज के मुताबिक आरोपियों को अल्बोरज प्रांत से गिरफ्तार किया गया है। वे विस्फोटक तैयार करने में जुटे हुए थे। इससे पहले शनिवार को ईरान ने यज्द प्रांत में 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन पर इजराइल का साथ देने और तस्वीरें लेने का आरोप है।
इजरायल ने राजधानी तेरहान में कई मिसाइल हमले किए, ताजा हमले में ईरान में 60 की मौत
ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार रात को एक रिहायशी इमारत पर इजरायली हमले में 29 बच्चों समेत 60 लोगों की मौत हो गई है। इजरायली हमले में ईरान के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है और सैटेलाइट तस्वीरें इसकी गवाही दे रही हैं। डेमियन साइमन मैक्सार की तरफ से जारी की गई तस्वीरें इजरायल के ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ में ईरान के सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान को दर्शाती हैं, जिसमें इस्फ़हान स्थित मिलिट्री फैसिलिटी, तेहरान के गरमदारेह में मिसाइल बेस और पिरानशहर में रडार साइट शामिल है।
इजरायली हमलों में ईरान में 200 के ज्यादा मौतें, 700 घायल
ईरान के मानवाधिकार संगठन HRNAA ने बताया कि शुक्रवार से अबतक इजरायली हमलों में 215 लोग मारे जा चुके हैं और करीब 700 लोग घायल हैं। इनमें ज्यादातर लोग नागरिक हैं। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इनमें 50 से ज्यादा लोग मिलिट्री से जुड़े थे, हालांकि अभी ये शुरुआती आंकड़े ही हैं।
