इजराइली हमले में 138 ईरानियों की मौत: रक्षा मंत्री की धमकी- मिसाइलें दागीं, तो तेहरान जला देंगे; ईरान का दावा- तीसरा F-35 जेट गिरा, देखें वीडियो

तेहरान। इजराइल और ईरान के बीच टकराव दूसरे दिन भी जारी है। पिछले दो दिनों में ईरान में 138 लोग मारे गए हैं। इजराइल ने शुक्रवार रात 10:30 बजे दूसरी बार ईरान के परमाणु ठिकानों पर फाइटर प्लेन से हमले किए। इस हमले में 60 लोगों की मौत हो गई। जबकि 350 से ज्यादा लोग घायल हुए।
इससे पहले ईरान में शुक्रवार सुबह 5:30 बजे हुए हमले में 78 लोग मारे गए थे। इनमें 9 न्यूक्लियर साइंटिस्ट और 20 से ज्यादा ईरानी कमांडर्स शामिल थे। ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए इजराइल पर 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं, जिनमें 6 राजधानी तेल अवीव में गिरीं।
इजराइल में अब तक 3 लोगों की मौत की खबर है। 7 जवान सहित 90 से ज्यादा घायल हुए हैं। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट कर दिया गया है। ईरान ने दावा किया है कि मिसाइल इजराइली रक्षा मंत्रालय पर भी गिरी। हालांकि अभी तक इजराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शनिवार को ईरान को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने और मिसाइलें दागीं, तो तेहरान जला देंगे। वहीं, ईरान का दावा है कि उसने तीसरी बार इजराइल का F-35 फाइटर जेट मार गिराया है।
इजराइल-ईरान संघर्ष का वीडियो

ईरानी मिसाइल ने इजराइल में रिहाइशी ठिकाने को हिट किया।

इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर ईरानी हमले का वीडियो।

ईरान ने दावा किया है कि उसकी दर्जनों मिसाइलों ने इजराइली शहरों को नुकसान पहुंचाया है।

ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम इजराइल के हवाई हमलों को रोकते हुए।

इजराइल की राजधानी तेल अवीव में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल से तबाह हुई इमारत।
इजराइल और ईरान में 24 घंटे का टकराव, 7 पॉइंट्स में बड़ी बातें
1. इजराइल ने 200 फाइटर जेट्स से ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया।
2. इजराइल ने इसे ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ नाम दिया।
3. इजराइली ऑपरेशन में ईरान के 6 वैज्ञानिक, 20 मिलिट्री कमांडर मारे गए।
4. ईरान ने पलटवार किया, इसे ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम दिया। 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं।
5. ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल से इजराइली रक्षा मंत्रालय को हिट करने का दावा किया।
6. नेतन्याहू ने पीएम मोदी से बातचीत की और हालात की जानकारी दी।
7. ट्रम्प ने ईरान को धमकी दी, कहा- परमाणु समझौता करें वरना बड़ा हमला हो सकता है।
ईरान की US-UK और फ्रांस को खुली धमकीः इजराइल मामले में दखलअंदाजी की तो उनके सैन्य ठिकानों पर भी होगा हमला

गाजा, एजेंसी। मध्य पूर्व में युद्ध के हालात उस समय और भयावह हो गए जब ईरान ने दावा किया कि यदि अमेरिका, ब्रिटेन या फ्रांस ने इज़राइल की मदद की तो वह इन देशों के मध्य पूर्व स्थित सैन्य ठिकानों पर हमला करेगा। ईरान ने साफ कहा है कि अगर अमेरिका, ब्रिटेन या फ्रांस इजराइल की मदद करते हैं या ईरान के हमलों को रोकने की कोशिश करते हैं, तो ईरान उनके मध्य-पूर्व में मौजूद सैन्य अड्डों पर हमला करेगा।
शुक्रवार रात ईरान ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर कई मिसाइलें दागीं। इस हमले में अब तक 3 लोगों की मौत और कई घायल होने की खबर है। मिसाइल हमले के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। हमले से कुछ घंटे पहले ही इजराइल ने ईरान पर बड़ा हवाई हमला किया था। तेहरान का दावा है कि इस इजराइली हमले में 78 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर नागरिक थे। यह हमला बिना किसी चेतावनी के हुआ।
नेतन्याहू की चेतावनी “ये तो बस शुरुआत ”
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान पर हमला सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने चेताया कि अगर ईरान ने फिर हमला किया तो इजराइल और बड़ी कार्रवाई करेगा। इस संघर्ष से पूरे मध्य-पूर्व में युद्ध का खतरा बढ़ गया है। खाड़ी देशों में अमेरिकी फौज सतर्क है। सऊदी अरब, कतर और UAE जैसे देशों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इजराइल और ईरान से तुरंत युद्ध रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर यह लड़ाई जारी रही तो इससे पूरी दुनिया प्रभावित होगी।विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर पश्चिमी देश इस संघर्ष में शामिल हुए तो यह एक क्षेत्रीय युद्ध बन सकता है। इसका असर तेल के दाम, व्यापार और वैश्विक शांति पर पड़ेगा। इजराइल और ईरान के बीच यह टकराव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो यह लड़ाई पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले सकती है।
इजराइल की ईरान पर एयर स्ट्राइक, 78 की मौत:329 घायल, 6 परमाणु वैज्ञानिक और 4 मिलिट्री कमांडर मारे गए; नेतन्याहू ने मोदी से बात

तेल अवीव। इजराइल ने शुक्रवार सुबह 200 फाइटर जेट्स से ईरान के 6 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 78 लोग मारे गए और 329 घायल हो गए। मरने वालों में ईरान के 6 परमाणु वैज्ञानिक और टॉप 4 मिलिट्री कमांडर समेत 20 सैन्य अफसर हैं।
इजराइली हमले के जवाब में ईरान ने दोपहर में पलटवार किया और 100 से ज्यादा ड्रोन दागे। इजराइली सेना (IDF) ने दावा किया है कि उन्होंने सभी ड्रोन मार गिराए। अभी तक एक भी ड्रोन इजराइल की सीमा में नहीं पहुंचा।
इस बीच इजराइली पीएम नेतन्याहू ने पीएम मोदी से फोन पर बात कर मिडिल ईस्ट के हालात की जानकारी दी। नेतन्याहू जल्द ट्रम्प और पुतिन से बात करेंगे।
इससे पहले आज सुबह इजराइल ने ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इजराइली सेना ने तेहरान के आसपास कम से कम 6 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन 6 में से 4 जगहों पर परमाणु ठिकाने भी मौजूद हैं।
नेतन्याहू ने पीएम मोदी से बातचीत की
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार शाम पीएम मोदी से फोन पर बात की है। इस दौरान उन्होंने मोदी को हालात की जानकारी दी।
पीएम मोदी ने इजराइली पीएम से इलाके में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता कायम करने के लिए कहा है। मोदी ने X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
नेतन्याहू ने ईरान पर हमले के बाद 3 देशों के शीर्ष नेताओं से बात की है। इनमें पीएम मोदी के अलावा जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों शामिल हैं।
कुछ ही देर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से बात करेंगे। नेतन्याहू ने कहा कि वे आने वाले दिनों में भी इन नेताओं से बातचीत करेंगे।
ईरानी विदेश मंत्री बोले- इजराइल ने सारी हदें पार की, बहुत पछताएगा
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) को लेटर लिखकर इजरायली हमले को ‘युद्ध का ऐलान’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इजराइल ने सारी हदें पार कर दी है। इजराइल इस पर गलती पर बहुत पछताएगा।
इजराइली हमले में ईरान के 78 लोगों की मौत
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजराइल के हवाई हमलों में 78 लोग मारे गए हैं और 329 घायल हुए। यह एजेंसी, जो ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़ी हुई है।
इराक ने इजराइल के खिलाफ UNSC में शिकायत की
इराक ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में इजराइल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बगदाद के विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। शिकायत में इराक ने कहा है कि ईरान पर बड़े हमले के दौरान इजराइल ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया।
इराकी मंत्रालय ने इसे इराक की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है और सुरक्षा परिषद से अपील की कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और आगे ऐसी घटनाओं को दोहराए जाने से रोके।
ईरान की जामकरान मस्जिद पर लाल झंडा फहराया गया, ये बदले लेने की निशानी
इजराइल से जारी तनाव के बीच ईरान ने कोम शहर के पास जामकरान मस्जिद के गुंबद पर लाल झंडा फहराया है। यह लाल झंडा शिया इस्लाम में बलिदान और बदले का प्रतीक माना जाता है। यह झंडा किसी बड़े हमले या महत्वपूर्ण व्यक्ति की मौत का बदला लेने की कसम का प्रतीक है।
शिया मुस्लिम मानते हैं कि मंगलवार की रात इमाम महदी इस मस्जिद में आध्यात्मिक तौर पर मौजूद होते हैं। इसीलिए हर मंगलवार को हजारों श्रद्धालु यहां प्रार्थना करने और कुएं में अर्जी डालने आते हैं।

