ट्रंप ने एलन मस्क से समझौते की संभावनाओं पर लगाया विराम, एपस्टीन फाइल का जिक्र आया तो बनता मामला फिर बिगड़ा

वाशिगटन (एजेंसी)। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के बीच गुरुवार से शुरू हुआ विवाद अब गाली-गलौज में बदलता दिख रहा है। मस्क और ट्रंप की ओर से इस बीच सुलह के कुछ संकेत आए थे, लेकिन ट्रंप के ताजा बयान से अब दोनों में किसी तरह के समझौते की संभावनाओं पर विराम लगा दिया है।
ट्रंप ने कहा है कि उन्हें मस्क से बात करने में कोई खास रुचि नहीं है। फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं. है। वह इसके बारे में सोच भी नहीं रहे, हालांकि मस्क उनसे बात करना चाहते हैं। ट्रंप ने मस्क पर अब तक का सबसे तीखा हमला करते हुए कहा कि वह अपना दिमागी संतुलन खो चुके हैं। ट्रंप ने कहा, मस्क के साथ समस्या है। मस्क को बेचारा कहते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि एक उसके साथ दिमागी समस्या है। इससे पहले मस्क ने संकेत दिए थे कि वह ट्रंप के साथ विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते और शांति के प्रयास में हैं। ट्रंप त ने भी हाल में कुछ ऐसे ही संकेत दिए थे। व्हाइट हाउस के हवाले से भी कहा गया था कि दोनों में मुलाकात के प्रयास हो रहे हैं। लेकिन शुक्रवार सुबह ही ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में साफ कर दिया कि वे मस्क से बातचीत के बारे में सोच भी नहीं रहे।
एपस्टीन फाइल का जिक्र, उखड़े ट्रंप
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप से सुलह की संभावनाएं मस्क की उस टिप्पणी से धूमिल हो गईं जिसमें मस्क ने एपिस्टीन फाइल को सामने लाने की बात करते हुए आरोप लगाया था कि ट्रंप इसमें शामिल हैं।
एपस्टीन फाइल से इसलिए परेशान हो रहे हैं ट्रंप
फाइनेंसर और अरबपति जेफरी एपस्टीन के जिक्र के साथ ही अमरीका की राजनीति में हलचल है। इसका कारण भी है। ट्रंप कई मौकों पर एपस्टीन के साथ तस्वीरों में देखे गए हैं और कुछ मौकों पर उन्होंने एपस्टीन की तारीफ भी की। एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स तस्करी के गंभीर आरोप थे। 2005 में एक 14 वर्षीय लड़की के शोषण की शिकायत के बाद जांच शुरू हुई, जिसमें – 36 नाबालिग पीड़िताओं की पहचान हुई थी। जिसके बाद 2008 में उन्हें वेश्यावृत्ति से संबंधित दो आरोपों में दोषी ठहराया गया और 13 महीने की जेल मिली थी।
