पाकिस्तान से लगी सीमा पर अब ईरान बना रहा दीवार, ताकि तस्करी और घुसपैठ पर रोक लगे

इस्लामाबाद (ए)। पाकिस्तान की हालत इन दिनों उस बेचारे जैसी हो गई है, जो चारों तरफ से मुसीबतों में घिरा हो और निकलने का कोई रास्ता न दिखे. हर पड़ोसी देश के साथ उसका पंगा बढ़ता जा रहा है, और हर कोई उसे सबक सिखाने के मूड में है. भारत के साथ तो सिंधु जल संधि का झगड़ा पुराना है, लेकिन अब ये विवाद इतना गहरा गया है कि बात युद्ध तक पहुंच रही है. ऊपर से अफगान तालिबान, जो कभी पाकिस्तान के दोस्त हुआ करते थे, अब उसी की नाक में दम करने को तैयार हैं. तालिबान ने धमकी दी है कि वो अपनी नदियों का पानी रोक देगा, ताकि पाकिस्तान तरस जाए. और अगर ये कम था, तो ईरान भी अब पाकिस्तान से तंग आ चुका है. उसने अपनी सीमा पर चार मीटर ऊँची दीवार बनानी शुरू कर दी है, ताकि आतंकियों और तस्करों को रोका जा सके.
पाकिस्तान और भारत के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद से तनाव बढ़ गया. भारत ने सिंधु जल संधि निलंबित कर दी है. भारत अपने हिस्से के पानी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर रहा है. इससे पाकिस्तान को मिलने वाला पानी कम हो रहा है, और वो बौखला गया है. यही कारण है कि पाकिस्तान पानी के नाम पर भारत को धमकी दे रहा है. हद तो तब हो गई जब पाकिस्तान में आतंकी और सेना के जनरल एक जैसी भाषा में भारत को धमकी देने लगे. पाकिस्तान को अभी भारत से निपटने का तरीका समझ नहीं आया था कि अब अफगान तालिबान ने भी उसकी नींद उड़ा दी. एक बलोच एक्टिविस्ट, मीर यार बलोच, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावा किया कि तालिबान अब कुनार नदी पर बांध बनाने की तैयारी कर रहा है।
