प्रशासनिक लापरवाहीः 1 महीने से फूटी पाइपलाइन और बजबजाती नाली से दूषित हुआ बोरवेल, इलाके में बीमारी फैलने का खतरा

कोरबा, 26 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद कटघोरा के वार्ड सात में पेयजल और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस नेता अरमान सिद्दीकी के घर के पास पिछले एक माह से पाइपलाइन फूटी हुई है, जबकि करीब दो माह से नाली की सफाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने समस्या दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। फूटी पाइपलाइन से लगातार बह रहा पानी नाली में जमा हो रहा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। आसपास के निजी बोर के पानी में भी बदबू आने की शिकायत सामने आई है। इससे रहवासियों को पेयजल की गुणवत्ता को लेकर चिंता होने लगी है। अरमान सिद्दीकी ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत और नाली की सफाई के लिए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से कई बार शिकायत की जा चुकी है।
इसके बाद भी न तो पाइपलाइन सुधारी गई और न ही सफाईकर्मी मौके पर पहुंचे। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी इन समस्याओं के निराकरण में देरी को लेकर वार्ड पार्षद की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि फूटी पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और नाली की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।
