36 करोड़ के गौरव पथ निर्माण कार्य जल्द, बुधवारी मुख्यमार्ग पर सर्वे शुरू

कोरबा, 3 अक्टूबर। प्रदेश के बड़े निगम में शामिल कोरबा मेें विभिन्न कार्यों के जरिये अलग पहचान देने का प्रयास हो रहा है। बुधवारी से दो किमी से ज्यादा लंबे गौरव पथ का निर्माण इसी में शामिल है। इसके लिए सडक की नपाई का काम निजी एजेंसी के जरिये कराया जा रहा है। आगे की प्रक्रियाएं जल्द शुरू होगी।

बुधवारी मुख्यमार्ग पर पिछले दो दिन से सडक की नापजोख के काम को प्रारंभ कराया गया है। नगर निगम ने प्रस्तावित गौरवपथ के लिए 36 करोड़ की राशि का प्रावधान किया है। इसके अंतर्गत बेहतर सडक के साथ कई प्रकार के आकर्षण को इसमें शामिल किया जाना है। लोगों के पैदल चलने के लिए ट्रैक विकसित होगा। हरियाली की व्यवस्था पहले ही कर ली गई है। सरकार की ओर से विभिन्न शहरों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राशि उपलब्ध करायी गई है। आर्थिक मामलों में सक्षम नगर निगम कोरबा अपने स्तर पर शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ अधोसंरचना विकास एवं अन्य सुविधाएं देने को लेकर लगातार काम कर रहा है। गौरव पथ इसी का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि जब इतनी बड़ी राशि खर्च होगी तो इसका लुक अलग ही होगा और गौरव पथ पर चलने वाले लोग भी इस बात पर गर्व कर सकेंगे कि कुछ अच्छा करने का प्रयास हुआ है।

इससे पहले बीते वर्षो में डीएसपीएम जैन मंदिर से लेकर ओपन थियेटर तक दो करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च करते हुए मुख्य सडक के किनारे फुटपाथ तैयार किया गया। ताकि सुबह-शाम टहलने वाले व अन्य लोग इसका उपयोग कर सकें। कालांतर में यह फुटपाथ अवैध कब्जा की भेंट चढ़ गया। बुधवारी क्षेत्र में ऐसे फुटपाथ के आसपास रेलिंग लगाकर इसे बचाने की कोशिश की गई। दूसरी ओर ओपन थियेटर क्षेत्र का फुटपाथ अभी भी पेड़-पौधे से लेकर दूसरी दुकानों के नाम पर समर्पित हो गया है। ये बात और है कि वीआईपी के आने पर यहां से दुकाने हट जाती है लेकिन बाद में तस्वीर जस की तस हो जाती है।

Spread the word