फेस्टिवल सीजनः एक सप्ताह तक भारी वाहन नहीं चलेंगे शहर के भीतर

कोरबा, 3 अक्टूबर। फेस्टिवल सीजन को ध्यान रखते हुए लोगों को सुविधाएं देने के बारे में प्रशासन ने सोचा है। इसलिए एक सप्ताह तक भारी वाहनों का संचालन शहर के भीतर से होकर प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस बारे में आदेश जारी कर दिया गया है। पिछले चार-पांच दिन से इस तरह की तस्वीरें सामने आ रही थी, जिसमें रामनगर से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक कोयला गाडियों की लंबी लाइन लगने से लोग परेशान हो रहे थे। इसके चक्कर में आवागमन न केवल बाधित हो रहा था बल्कि विद्यार्थियों और आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
इसी रास्ते पर गाडियों के टकराने से उत्पन्न स्थिति के कारण भी चुनौतियां बढ़ती चली गई। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तय किया गया कि आज से लेकर अगले एक सप्ताह तक भारी वाहनों का परिचालन कोरबा शहर के भीतर से बिल्कुल नहीं होगा। किसी भी दृष्टि से नियमों की अनदेखी भी नहीं होगी। इसके लिए निगरानी भी रखी जानी है। भारी वाहनों को रिंगरोड का विकल्प दिया गया है। हालांकि कुछ समय पहले ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन ने अतिरिक्त खर्च का हवाला देकर आपत्त दर्ज कराई थी।
