मासूम के हत्यारे को कठोर सजा की मांग की अखबार वितरकों ने

कोरबा, 25 अक्टूबर। रजगामार में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की हृदयविदारक घटना से पूरे कोरबा जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मासूम को न्याय दिलाने और आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की ओर से टीपी नगर स्थित संघ कार्यालय में सुबह 6.30 बजे शोकसभा का आयोजन किया गया।
शोकसभा में उपस्थित संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मासूम को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने इस अमानवीय घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीडि़त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सदस्यों ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह घटना बेहद पीड़ादायक और समाज को झकझोर देने वाली है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके और समाज में बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। शोकसभा में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय कुमार नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, संयोजक तपेश्वर राठौर, मीडिया प्रभारी रामा, राजकुमार पटेल, सहसचिव राय सिंह कंवर, अनिल गिरी, कृष्ण निर्मलकर, दिलीप यादव, रंजीत पटेल, ओम चंद्र, राहुल, प्रहलाद, सुदीश गिरी, पप्पू एवं बजरंग यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मासूम की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उसे भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा पीडित परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
