फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट में लापरवाहीः ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की

कोरबा, 25 अक्टूबर। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडकों का निर्माण इस उद्देश्य के साथ कराया गया है कि ग्रामीण क्षेत्र की आबादी को मुख्य मार्गों के साथ कनेक्टिविटी दी जा सके और लोगों को सहूलियत मिले। सामान्य भार वहन क्षमता वाली इन ग्रामीण सडकों पर सैकड़ो का लोड लेकर बड़ी गाडियां चल रही है इनकी वजह से कई प्रकार की समस्याएं पैदा हो रही हैं।
कोरबा जिला की भिलाईबाजार क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना का हाल इस वजह से बेहाल हो गया है। बताया गया कि बिजली घरों से उत्सर्जित होने वाली फ्लाई ऐश की ट्रांसपोर्टिंग करने के साथ उसे आसपास के ब्लैक होल में डंप किया जा रहा है। ग्रामीण सडक से होकर इस प्रकार की गाडियों का परिचालन किए जाने से जहां सडकों में टूट-फूट की समस्या हो रही है। वहीं जन स्वास्थ्य को लेकर भी खतरा पैदा हो रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि दिन भर में सैकड़ो गाडियां यहां से होकर चलती हैं। आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की कार्य प्रणाली से लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर ट्रांसपोर्टर को इस इलाके से होकर अपनी भारी गाडियों को ले जाने की अनुमति प्रशासन ने आखिर किस शर्त के अंतर्गत दी। भिलाईबाजार की सरपंच रजनी कंवर ने मामले को लेकर जिला प्रशासन का एक बार फिर पत्राचार किया है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप जायसवाल के द्वारा भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
