कोरबा-चांपा हाईवे पर दो बाइकों में भिड़ंतः युवक की मौत के बाद भीड़ में घुसी बेकाबू कार, 6 घायल

कोरबा, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा-चांपा हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी, जिससे छह लोग घायल हो गए। कार की चपेट में आने से कार चालक और पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी घायल हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा-चांपा हाईवे पर नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

पहले हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लोगों के बीच जा घुसी। कार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। इसके बाद कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुकी। बताया जा रहा है कि कार गश्ती वाहन से टकराने के बाद रुकी, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लगातार हुए हादसों के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धनेश्वर श्रीवास की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार एक युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक के बाद एक हुए हादसों और मारपीट की घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। क्षेत्र में दशहरा पर्व के आयोजनों के चलते देर रात तक लोगों की आवाजाही भी बनी हुई है।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और मारपीट की घटना को लेकर आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

Spread the word