बरपाली सेप्टिक टैंक हत्याकांडः रायपुर से चिरमिरी, फिर अंबिकापुर भागा आरोपी, मोबाइल चालू करते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा

कोरबा, 29 सितंबर। बरपाली के चर्चित सेप्टिक टैंक हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी मनोज उरांव को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, वह पहले रायपुर, फिर चिरमिरी और इसके बाद अंबिकापुर पहुंचा। अंबिकापुर में मोबाइल फोन चालू करते ही पुलिसको उसकी लोकेशन मिल गई और टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। यहां मनोज उरांव करीब दो साल से 33 वर्षीय संतोषी के साथ रह रहा था। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसके चार बच्चे हैं। आरोप है कि महिला की हत्या के बाद मनोज ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह घर में चिकन लेकर आया था और संतोषी से उसे बनाने के लिए कहा। चिकन नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, गुस्से में उसने महिला की डंडे से पिटाई कर दी। बाद में जब वह संतोषी को खाना खाने के लिए उठाने पहुंचा तो वह मृत मिली। इसके बाद आरोपी ने शव को बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।

संतोषी के रक्षाबंधन पर घर नहीं पहुंचने के बाद उसके भाइयों को शक हुआ। परिजनों ने मनोज से संपर्क किया तो उसने संतोषी के एक दिन पहले घर से चले जाने की बात कही। कई दिन तक महिला का पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

मनोज के घर की बाड़ी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला मिला और दुर्गंध आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में टैंक खुलवाया, जहां से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।

वारदात के बाद मनोज लगातार ठिकाना बदलता रहा। पुलिस को उसके रायपुर में होने की जानकारी मिली तो टीम वहां पहुंची, लेकिन उससे पहले वह चिरमिरी निकल गया। इसके बाद आरोपी अंबिकापुर पहुंचा और मोबाइल फोन चालू कर दिया। इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब आरोपी के बयान और पोस्टमार्टम समेत अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। महिला के चरित्र और अन्य लोगों से संबंध को लेकर आरोपी ने पूछताछ में जो दावे किए हैं, उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Spread the word