तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारीः 3 संचालकों पर कार्रवाई, साउंड सिस्टम जब्त

कोरबा 21 सितंबर। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में दीपका और बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम और ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ध्वनि प्रदूषण और तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। न्यायालयों के निर्देश, एनजीटी की गाइडलाइन और कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों के तहत निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

दीपका थाना क्षेत्र में पुलिस ने निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने के मामले में दो संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, नवरतन कुमार निवासी कसईपाली और रवि कुमार निवासी धुरेना को निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाते पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

इसी तरह बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजे संचालक भूवन पाल निवासी कुरैना के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, भूवन पाल निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाते पाए गए थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डीजे के साउंड सिस्टम और अन्य ध्वनि विस्तारक उपकरण जब्त कर लिए।

पुलिस ने बताया कि तीनों डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए डीजे उपकरणों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और आम लोगों की शांति बनाए रखने के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन जरूरी है।

कोरबा पुलिस ने जिले के सभी डीजे संचालकों और आयोजन समितियों को निर्धारित ध्वनि सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने पर डीजे उपकरण जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोरबा पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था और आमजन की शांति बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Spread the word